चंडीगढ़ में महाराजा टेलर के घर पर ईडी का छापा
2 करोड़ 19 लाख रुपये मिलने के बाद चंडीगढ़ से आज 30 लाख रुपये की करंसी बरामद हुई। ढाई किलो सोना भी मिला है। ईडी ने एक दर्जी के घर और शोरूम में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने 30.17 लाख रुपये की नगदी और 2.700 किलो सोना बरामद की।
इन 30 लाख में 18 लाख रुपये की नई करंसी है, बाकी कैश 100-50 के नोटों में है। तीन दिनों में ईडी की ये दूसरी कार्रवाई है। टीम ने शहर के मशहूर महाराजा टेलर के मालिक जोगिंद्र सिंह के सेक्टर 22सी स्थित शोरूम में और मोहाली स्थित घर में छापा मारा।
टीम ने पहले उनके दो बेटे गुरमीक सिंह और गुरविंद्र सिंह की मौजूदगी में मोहाली फेज 7 में स्थित घर में छापा मारा था। ईडी के डिप्टी डायरेक्टर गुरनाम सिंह की अगुवाई में करीब 10 घंटे तक चली इस रेड में 1.5 किलो के सोने के गहने व एक किलो सोने की ईंटें व दो 100-100 ग्राम के सोने के बिस्कुट बरामद हुए।
पैसे के सोर्स का पता लगाने में जुटी टीम
चंडीगढ़ में महाराजा टेलर के घर पर ईडी का छापा
इसके बाद ईडी ने मोहाली में फेज सात इंडस्ट्रियल एरिया व चंडीगढ़ में सेक्टर 22 में उनकी दुकान पर भी छापा मारा। ईडी का कहना है कि फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करवाई गई है। ना ही मोहाली के थाने में कोई शिकायत दर्ज करवाई गई है।
नगदी और सोने की जांच चल रही है। पैसा बदलने वाले बैंक अधिकारियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। वहीं, यह जानने की कोशिश भी की जा रही है कि उनके पास इतना पैसा कहां से आया?
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही ईडी ने सेक्टर 22 में कपड़ा व्यापारी के घर छापा मारकर 2.19 करोड़ की नगदी बरामद की थी। इसमें से 69.35 लाख की नगदी नई करेंसी में थी। आरोपी कपड़ा व्यापारी इंदरपाल महाजन को ईडी की शिकायत पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस समय इंदरपाल चार दिन की पुलिस रिमांड पर है।