ब्रांडेड कंपनियों के डुप्लीकेट कपड़े बेचने वाली सेक्टर-20 स्थित तीन शोरूम पर क्राइम ब्रांच ने सोमवार को छापेमारी कर करीब दो करोड़ के कपड़े बरामद किए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीनों शोरूम मालिकाें को पकड़ लिया।
पकड़े गए दुकानदार की पहचान सेक्टर 20 के शोरूम नं 40 के निर्मला गारमेंट्स के मालिक अशोक कुमार, शोरुम नं 39 के अनीता गारमेंट्स के मालिक नितिन सिंगला और शोरूम नं 43 के गुजराल एक्सपोर्ट के मालिक पापल अग्रवाल के रुप में हुई। क्राइम ब्रांच ने तीनों दुकानदारों के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी क्राइम जगबीर सिंह ने बताया कि उन्हें स्पीड नेटवर्क कंपनी के डायरेक्टर रमेश दत्त ने शिकायत दी थी कि सेक्टर 20 में ब्रांडेड कंपनी के डुप्लीकेट कपड़े होलसेल पर चंडीगढ़ समेत अन्य राज्यों में सप्लाई हो रहे हैं।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच के एसआई ओमप्रकाश ने अपनी टीम के साथ तीनों शोरुम पर छापे मारे। छापे के दौरान शोरुम के अंदर से केलवीन, टोमीहील फलेयर, डीजल, लुईस फिलिपस समेत अन्य कंपनियों के डुप्लीकेट कपड़े बरामद कर पुलिस ने जब्त कर लिए। क्राइम ब्रांच की टीम तीनों दुकानदारों से पूछताछ करने में लगी हुई है।