पंजाब के लुधियाना में पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में दर्जन भर युवकों ने दुकान में घुसकर दो भाइयों पर दातरों से जानलेवा हमला किया और तोड़फोड़ की। घटना दुगरी के सतजोत नगर की है। करीब दर्जन भर हथियारों से लैस युवकों दुकान में घुसकर युवक और उसे भाई पर दातरों से हमला किया। उन्होंने युवक को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। इसके बाद युवक पुलिस थाने पहुंचे और घायल युवक के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करा दी। वहीं, जब थानेदार से इस बारे में पूछा गया तो बोले-जदों जख्मी दा रुक्का आउ ओदों जांच होउ।
घायल युवकों के नाम जश्नदीप और गुरप्रीत बताया जा रहा है। उन्हें लोगों ने घायल अवस्था में डीएमसी में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। थाना सदर और चौकी बसंत एवेन्यू ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
मिली जानकारी के अनुसार, बसंत एवेन्यू रोड पर जश्नदीप सिंह की गिल आटा चक्की है। उसका बड़ा भाई गुरप्रीत सिंह शटरिंग का काम करता है। उसने चक्की में ही ऑफिस बना रखा है। शनिवार सुबह 10 बजे के करीब गुरप्रीत सिंह अपना टाटा-407 बैक कर पार्किंग में लगा रहा था। इस दौरान पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर रहे तीन युवकों से उसकी टक्कर हो गई।
युवक उसके साथ गाली गलौज करने लगे, लेकिन इलाके के लोगों ने बीच-बचाव कर झगड़ा खत्म कराया और युवक वहां से चले गए। 10 मिनट बाद चार युवक दातर और अन्य हथियार लेकर आए और गुरप्रीत पर हमला बोल दिया। कुछ देर झगड़ा होने के बाद हमलावर भाग निकले।
अभी गुरप्रीत ऑफिस में बैठा ही था कि वह एक दर्जन के करीब लोग दोबारा हथियारों से लैस होकर आए और गुरप्रीत, जश्नदीप पर हमला कर दिया। दोनों ने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने दोनों के सिर में दातर से कई वार किए। बाद में हमलावर ऑफिस और चक्की में तोड़फोड़ करके फरार हो गए।