पहले लड़की ने दादा पर आरोप लगाया था।
शहर के एक बैंक में उच्च पद पर कार्यरत अधिकारी ने अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का प्रयास किया है। विरोध करने पर पिता ने पुलिस कार्रवाई के डर से बेटी को हत्या की धमकी दी। महिला थाने में आरोपी पिता के खिलाफ पोक्सो एक्ट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह शहर के एक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ाई करती है। पिछले काफी समय पहले उसके माता पिता की अनबन होने पर वह दोनों अलग-अलग रहते हैं और वह अपनी मां के साथ रहती है। पीड़िता का कहना है कि करीब दो महीने पहले वह पिता से मिलने के लिए उनके घर पर गई थी। जब वह घर पहुंची तो पिता ने छेड़खानी कर दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के विरोध के चलते आरोपी ने बेटी को धमकी दी कि किसी को बताया तो हत्या कर दूंगा।
इसके बाद छात्रा घर चली गई। आरोपी के डर से काफी दिनों तक छात्रा ने किसी को कुछ नहीं बताया। उसने शुक्रवार को पहले तो अपनी मां को सारी बात बताई। फिर महिला थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराकर आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने पीड़िता के मजिस्ट्रेट के सामने 164 के बयान दर्ज करवा दिये है। जांच अधिकारी संतोष का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।