सेक्टर-68 में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का फायदा उठाकर कुछ शरारती तत्वों ने शुक्रवार तड़के जमकर तांडव मचाया। शरारती तत्वों ने लोगों के घरों के बाहर खड़ी लगभग 17 गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।
इनमें कार, छोटा हाथी और स्कूल बसें शामिल हैं। शरारती तत्वों ने एक बंद घर को भी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने चंद मिनटों में ही वारदात को अंजाम दिया। उत्पात मचाने वालों की फोटो सीसीटीवी में कैद हो गई हैं। लेकिन अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। थाना फेज-8 पुलिस ने इलाके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शरारती तत्वों ने वारदात को अंजाम सुबह तीन बजे के करीब दिया। उस समय लोग गहरी नींद में थे। उत्पातियों ने भागते-भागते एक-एक करके लोगों की गाड़ियों के अगले और पिछले शीशे तोड़े। उन्होंने किसी भी गाड़ी का सामान नहीं चुराया है। जब लोगों ने शीशे तोड़ने की आवाजें सुनीं, तो वे बाहर भी निकले। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
एसपी से मिले इलाके के लोग
एक घर में लगे सीसीटीवी में युवक वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। लेकिन अंधेरा होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पाई है। इलाके के लोगों ने शुक्रवार को एसपी सिटी-1 स्वर्णदीप से मुलाकात की। उन्होंने इलाके में हुई घटना के बारे में उन्हें बताया। साथ ही मांग की है कि कुंभड़ा के युवाओं को उनके खाली एरिया के खाली प्लॉटों में बैठने से रोका जाए। इसके चलते भी इलाके में वारदातें बढ़ रही हैं। एसपी ने उन्हें मामला हल करने का पूरा आश्वासन दिया।