पुलिस के हत्थे चढ़े मोस्टवांटेड बदमाश से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। फैमिली ही क्रिमिनल है। बदमाश कुलदीप शाहपुरिया उर्फ कल्लू जहां फिरौती की डिमांड करता था, वहीं उसकी पत्नी फिरौती की रकम इकठ्ठा करती थी।
कुलदीप शाहपुरिया की पत्नी को भी पुलिस ने काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों से जहां पिस्टल बरामद किया, वहीं कारतूस भी बरामद हुए हैं। आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से शाहपुरिया को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि उसकी पत्नी को जेल भेज दिया है। शाहपुरिया से पूछताछ में कई अहम मामलों का खुलासा हो सकता है।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
इनामी बदमाश की तलाश अंबाला पुलिस को थी, जिस पर कई संगीन मामले दर्ज हैं। पैरोल पर आया यह शातिर अचानक फरार हो गया, जबकि जनवरी में कैंट में हुए गजेंद्र हत्याकांड में भी इस शातिर बदमाश कुलदीप शाहपुरिया उर्फ कल्लू की तलाश थी। पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को भी अलर्ट कर दिया था।
इसी दौरान पुसिल को मुखबिर ने सूचना दी कि कुलदीप शाहपुरिया पंजाब के लुधियाना में सतलुज बांध के पास है। इसी सूचना पर पुलिस ने बुधवार रात छापामारी करते हुए आरोपी को एक बाइक, 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन के साथ काबू कर लिया। बताया जाता है कि यह धार्मिक स्थल में छिपने की फिराक में था कि पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
फिरौती के धंधे में शाहपुरिया की पत्नी भी शामिल
पुलिस की मानें, तो कुलदीप शाहपुरिया उर्फ कल्लू ने अपनी पत्नी को भी फिरौती के धंधे में शामिल कर रखा था। शाहपुरिया पहले किसी को फोन पर फिरौती देने के लिए धमकी देता और न देने पर जान से मारने की धमकी।
इसके बाद मामला तय होने के बाद उसकी पत्नी फिरौती की रकम इकठ्ठा करती थी। फिरौती के इस खेल में शाहपुरिया हर समय अपनी पत्नी के संपर्क में रहता था। बातचीत होने के बाद यह शातिर व उसकी पत्नी अपने मोबाइल स्विच आफ कर देते थे। आरोपी ने अपनी पत्नी को अंबाला के नग्गल क्षेत्र स्थित गांव मैला में अपने दोस्त के घर ही ठहराया हुआ था।
शाहपुरिया की पत्नी से भी पुलिस ने चार कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की मानें तो पूछताछ में शाहपुरिया ने खुलासा किया है कि फिरौती की रकम से वह हथियार खरीदता था ताकि वह इनका इस्तेमाल वारदात के दौरान कर सके। इसके अलावा ऐशपरस्ती में भी फिरौती की रकम को इस्तेमाल करता था।
गजेंद्र हत्याकांड में है मुख्य आरोपी
फरीदाबाद जेल में बंद कुलदीप शाहपुरिया नवंबर 2014 में पैरोल पर बाहर आया और फरार हो गया। इसी दौरान कैंट में पंजाबी बाग के रहने वाले फाइनेंस गजेंद्र की हत्या हो गई और इसमें भी शाहपुरिया का नाम आया। इस मामले में यह मुख्य आरोपी है, जबकि अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही काबू कर चुकी है।
सुरेंद्र पाल सिंह, डीसीपी, अरबन, अंबाला ने बताया ‘पुलिस ने इनामी बदमाश कुलदीप शाहपुरिया उर्फ कल्लू को पंजाब के लुधियाना से काबू किया है। आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं, जबकि कई अन्य लोग इसके निशाने पर थे। अदालत ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है, जबकि शाहपुरिया की पत्नी को जेल भेजा गया है। उम्मीद है कि पूछताछ में कुछ और मामलों का खुलासा हो सकता है।’