सारंगपुर से सोमवार शाम गायब हुई तीन साल की बच्ची की लाश मंगलवार को इंडस्ट्रियल एरिया फेज दो से बोरे में मिली। इस मामले में सोमवार को ही सारंगपुर थाना में बच्ची की किडनैपिंग का मामला पुलिस ने दर्ज कर लिया था। पुलिस ने डाक्टरों का बोर्ड गठित करवाकर पोस्टमार्टम करवाया है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आयेगी और मौत के कारणों का पता चलेगा तो हत्या का धारा भी जोड़ दी जायेगी।
पुलिस का कहना है कि बच्ची की हत्या तो हुई है, लेकि न पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या कैसे की गई इसका पता चलेगा। सूत्रों का कहना है कि लाश देख कर लगता है बच्ची का गला दबाया गया है। क्योंकि शव पर और कोई इंजरी का निशान नहीं मिला है। पुलिस बच्ची के साथ किसी तरह के दुष्कर्म होने से भी इंकार कर रही है। बच्ची चार भाई बहनों में सबसे छोटी थी। बच्ची के पिता मार्कफेड में माली का काम करते हैं।
घर के बाहर खेलते हुए गायब हो गई थी बच्ची:
सारंगपुर थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार उसके पास सोमवार रात करीब 9.30 बजे पहुंचा था। परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी थी की उनकी 3 साल की बेटी शाम को घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही थी। अंधेरा होने पर जब बच्ची घर पर नही आई तो आसपास के घरों और इलाके में बच्ची को तलाशा। लेकिन जब नहीं मिली तो परिवार ने थाने में जाकर बच्ची के लापता होने की शिकायत दी। इस पर पुलिस टीम ने परिवार को साथ में लिया और पूरे इलाके में तलाश की। लेकिन देर रात तक बच्ची का कोई सुराग नही मिलने पर परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ किडनैपिंग का केस दर्ज कर लिया।
मंगलवार सुबह बोरे में लिपटा हुआ मिला बच्ची का शव
औद्योगिक क्षेत्र फेज 2 स्थित एक फैक्टरी के मालिक फैजान ने सुबह करीब 8.15 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी की उनकी फैक्टरी के समीप फुटपाथ पर एक बोरे में एक बच्चे का शव पड़ा है। सूचना पाते ही एएसपी ईस्ट नवदीप सिंह बराड़, सेक्टर 31 थाना प्रभारी जसबीर सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची के शव बोरे के अंदर पालिथीन से बांधकर फेंका हुआ था। बोरे में कुछ कपडे़ भी मिले हैं। किसी जानवर ने बोरे को फाड़कर बच्ची का मुंह भी नोंचा था। सफाई करनेवाली एक महिला ने बच्ची की लाश देखी तो शोर मचाया।
चौकीदार ने रात में ही बोरा देखा था
औद्योगिक क्षेत्र में चौकीदार का काम करने वाले रंधीर शर्मा ने बताया की रात के करीब 11 बजे उसने बोरा पड़ा देखा था। जिसके बाद दो और लोगों बुलाकर बोरे का हिलाकर देखा था पर उनको पता नहीं चला था कि बोरे में शव है।
क्षेत्र के नशेड़ी युवकाें को लिया हिरासत में
पुलिस ने जांच करते हुए कुछ नशेड़ी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। सूत्रों की मानें तो पुलिस को इलाके के एक नाबालिक युवक पर संदेह है। पुलिस अभी हत्या व किडनैपिंग की कड़ियां जोड़ने में लगी है। पुलिस इस मामले में परिवार की किसी से दुश्मनी के एंगल पर भी काम कर रही है। हालांकि बच्ची के पिता ने साफ कहा है कि उसकी किसी केसाथ कोई दुश्मनी नहीं है।
सतीश कुमार, डीएसपी सेंट्रल डिवीजन ने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। डाक्टरों ने शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नही दी है। डाक्टर शनिवार तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सौंपेंगे। जिसके बाद ही मौत की सही वजहों का पता चलेगा। जिस तरह बच्ची का शव बोरे में मिला है उससे तो यही लगता है कि हत्या कर बोरे में बांध कर शव फेंका गया था। सुबह पुलिस जल्द ही सारंगपुर थाना दर्ज किए गए किडनैपिंग के मामले में हत्या की भी धारा लगा देगी।