चंडीगढ़ की युवती के साथ शादी का वादा करने वाले युवक ने उसे धोखा दिया। युवती ने भी युवक की बातों में आकर उसके साथ दोस्ती की। दोनों में बात होने लगी और दोनों ने एक-दूसरे से साथ जिंदगी बिताने की योजना बनाई। लेकिन जब युवती को आरोपी के बारे में सच्चाई पता चली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। क्योंकि आरोपी पहले से ही शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं।
सेक्टर-36 पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले एरिया में 23 साल की युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी फरार है और उसकी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपी की पहचान मोहाली के रहने वाले गुरिंदर सिंह के तौर पर हुई है।
पुलिस ने पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज करवा दिए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़ित युवती जब सेक्टर-36 के एरिया में ट्यूशन पढ़ने आती थी तो तभी उसकी दोस्ती आरोपी गुरिंदर सिंह के साथ हो गई। आरोपी ने युवती को बताया कि उसकी अभी शादी नहीं हुई है। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ शादी करने का वादा किया। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी युवती के साथ सेक्टर-42 के एक होटल में दुष्कर्म करता रहा। लेकिन बाद में आरोपी ने शादी से मना कर दिया। इसके बाद जब पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं तो उसने पुलिस को शिकायत दी।