फेज-3बी1 में दिनदहाड़े रिटायर विंग कमांडर की पत्नी से स्नैचिंग होने का मामला सामने आया है। आरोपी बाइक पर आए और महिला का पर्स छीनकर फरार हो गए। महिला ने पर्स को बचाने की काफी कोशिश भी की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाई। मटौर थाने की पुलिस ने रश्मि सैंगल की शिकायत पर स्नैचिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। उम्मीद है कि जल्दी ही आरोपी पकड़ में आ जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार दोपहर 2:16 बजे की बताई जा रही है। पता चला है कि पचास वर्षीय रश्मि फेज-3बी1 स्थित मकान नंबर 674 से कार से उतर रही थी। तभी अचानक दो युवक बाइक पर आए। जो कि जल्दी से उनका पर्स झपटकर फरार हो गए।
महिला ने बताया कि युवक काफी तेजी से आए थे। हालांकि उन्होंने पर्स को बचाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मटौर थाने की पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों को दबोचा जा सके।
जिक्रयोग है कि काफी समय बाद उक्त इलाके में स्नैचिंग की वारदात हुई है। हालांकि चर्चा यह भी है कि शुक्रवार को मटौर थाने में हुई संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में पुलिस व्यस्त थी। इसी बात का आरोपियों ने फायदा उठाया है।
कुछ दिन पहले पकड़ा था मोबाइल स्नैचर गिरोह
अभी कुछ दिन पहले ही पुलिस ने एक स्नैच गिरोह पकड़ा था। जो कारों में आकर मोबाइल स्नैच करता था। उस समय पुलिस ने दावा किया था कि अब अपराध में कमी आएगी। वहीं, इस वारदात ने पुलिस के लिए एक बार फिर खतरे की घंटी बजा दी है।