दोस्त बना हैवान। अपने ही दोस्त की हत्या करके पहले उसके शव को जलाया, फिर जमीन में गाड़ दिया। इसके पीछे मामूली सी वजह बताई जा रही है। घटना पंजाब के होशियारपुर की है। 11 फरवरी को गांव शेरपुर बाहतीयां थाना सदर के इलाके में मिले युवक के अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। युवक की हत्या करने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर ने बताया कि गगन (23) निवासी डाडा शादी-ब्याह में लांगरी का काम करता था। नौ फरवरी की शाम वह गांव डाडा में आग सेंकने गया था। 11 फरवरी को 3.30 बजे गांव शेरपुर बातियां में लिंक रोड फगूड़े वाला बाग के सफेदों के पास उसका अधजला शव जमीन में दबा मिला था। मृतक के पिता देवराज निवासी डाडा के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।
मामले को हल करने के लिए पीपीएस पुलिस कप्तान हरप्रीत सिंह मंडेर की देखरेख में डीएसपी समीर वर्मा, सुखअमृत सिंह डीएसपी, इंस्पेक्टर सुखपाल सिंह मुख्य अधिकारी थाना सदर व इंस्पेक्टर गुरिंदर सिंह बल्ल इंचार्ज सीआईए स्टाफ होशियारपुर की स्पेशल टीम गठित की गई। 14 फरवरी को चिंतपूर्णी रोड के पास गांव स्लेरन में स्पेशल नाकाबंदी की गई थी।
इस दौरान कत्ल केस के आरोपी राम धन पुत्र मस्त राम निवासी थपलां जिला गगरेट जिला ऊना को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पूछताछ के दौरान माना कि 9 फरवरी की रात को दोनों ने शराब पी। इसके बाद उनका किसी बात पर झगड़ा हो गया। इसमें रामधन ने गगनदीप का गला दबा दिया। फिर वह गगनदीप को मरा हुआ समझकर उसको अपने कंधे पर उठाकर थोड़ी दूर सफेदों में ले गया।
जहां उसने सीमेंट के बोरे व सफेदे के पत्ते इकट्ठा कर उसके शव को आग लगा दी। इसके बाद उसने उसके शव को थोड़ी दूरी पर गड्ढा खोदक दबा दिया और ऊपर से मिट्टी डाल दी। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल करके और पूछताछ करेगी।