सरहाली थाने पर आरपीजी से हमला।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हमलावरों ने ढाबे पर मांगा था खाना, पांच में से एक दिव्यांग
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हमलावर पांच थे। दो बाइक व एक ब्रेजा कार में सवार होकर हरिके पत्तन की तरफ से आए थे। हरिके पत्तन व सरहाली के बीच उन्होंने हाईवे पर एक ढाबे पर खाना भी मांगा था लेकिन ढाबा मालिक ने इनकार कर दिया था। ढाबे के पास एक सीसीटीवी कैमरे में उनकी तस्वीरें कैद हुई हैं। ढाबा मालिक के अनुसार इनमें एक सिख था और दिव्यांग था। अन्य चार हिंदी में बात कर रहे थे।
हमले के समय थाने में मौजूद थे नौ पुलिसकर्मी
शुक्रवार रात जब हमला हुआ तो थाना सरहाली के एसएचओ इंस्पेक्टर प्रकाश सिंह, ड्यूटी अफसर एएसआई परमजीत सिंह, मुंशी एएसआई बिशन दास समेत नौ पुलिसकर्मी मौजूद थे। थाने के गेट पर संतरी नरिंदर सिंह तैनात थे। रात 11:22 मिनट पर जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनकर मुंशी एएसआई बिशन दास अपने कमरे से गेट पर पहुंचे तो धुएं का गुबार देखा।
उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी लेकिन रात को कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। मोबाइल फॉरेंसिक साइंस यूनिट (एमएफएसयू) फिरोजपुर की टीम के अलावा भारतीय सेना, फॉरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंची। थाने के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में हमलावर कैद नहीं हो पाए। हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें हरियाणा, राजस्थान व दिल्ली रवाना हो गई हैं।