घटना के बारे में पास में रह रहे रजनीश कुमार हैपी और एक दुकानदार आशु ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। वह बाहर निकले तो कोरियर शॉप में धुआं ही धुआं था। धमाके से दुकान के शीशे भी टूट गए। ब्लास्ट में सूद कोरियर सर्विस के मालिक विकास सूद (55) निवासी मोहल्ला किशनपुरा मोगा और फोटो कॉपी कराने आए ग्राहक राकेश तायल निवासी जवाहर नगर, बिजली बोर्ड के रिटायर्ड जूनियर इंजीनियर घायल हो गए।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसमें एक संदिग्ध कैद हुआ है। फुटेज की जांच करने के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया उक्त संदिग्ध व्यक्ति दोपहर करीब 12 बजे कोरियर शॉप पर पहुंचा था। क्लीन शेव, पक्के रंग और प्रवासी मजदूर लगने वाले करीब 45 वर्षीय संदिग्ध ने कोरियर संचालक विकास सूद को एक गत्ते का बंद डिब्बा दिया। उसने सूद को बताया पार्सल में टी-शर्ट है।
घटनास्थल पर जांच करते पुलिस अधिकारी
पार्सल पर भेजने वाले का नाम बूटा किराना स्टोर, शाहकोट और मोबाइल नंबर दर्ज था। पार्सल पाने वाले का नाम पता भूपेश राजेआना, राजेआना हाउस पटियाला गेट संगरूर लिखा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पार्सल भेजने वाले का नाम पता और मोबाइल नंबर जांच में गलत मिला है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कोरियर संचालक विकास सूद ने बताया कि पार्सल बुक करने के बाद उसने ग्राहक को पर्ची काटकर दे दी। पार्सल का वजन अधिक लगने पर उसने ग्राहक से यह बात कही। इस पर ग्राहक बड़ी तेजी से बाहर निकला। वह भी उसके पीछे शॉप से बाहर आया। वह बाजार की भीड़ में गुम हो गया। इसके बाद वह वापस शॉप पर पहुंचा और पार्सल खोलने की कोशिश करने लगा। इस दौरान जोरदार धमाका हो गया।