बंगलादेश में चल रहे टी-20 वर्ल्ड कप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सट्टा लगाने वाले गिरोह के चार सदस्यों को सीआईए की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने बसंत सिटी इलाके में किराए की कोठी में अपनी मिनी एक्सचेंज लगाकर मुख्य अड्डा बना रखा था। आरोपियों ने इतना हाईटेक सिस्टम लगा रखा था कि वे एक ही बार में 17 लोगों से बात कर सकते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 मोबाइल फोन, 35 हजार रुपये की नकदी, एक लैपटॉप, मिनी एक्सचेंज व अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस ने गिरोह के सरगना रेलवे कालोनी निवासी पन्नी वर्मा, न्यू कुंदनपुरी निवासी अशोक कुमार, ढंढारी कलां निवासी अमित सिंह उर्फ सोनी और हैबोवाल स्थित रणजोध पार्क निवासी तलविंदर सिंह के खिलाफ थाना सदर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एडीसीपी क्राइम मंजीत सिंह ढेसी ने कहा कि पुलिस ने फुल्लावाल के पास नाकाबंदी की थी। सूचना मिली कि आरोपी एक कोठी में बैठकर मैचों पर सट्टा लगा रहे हैं।
पुलिस ने वहां पर छापामारी की तो चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वहां से सामान भी बरामद कर लिया।