बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा गायब करने के मामले में पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य 21 फरार हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पिहोवा पुलिस प्रयास कर रही है।
डीएसपी चंद्रपाल ने बताया कि उपरोक्त मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके मुताबिक गांव ककराला गुजरान निवासी साहब सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने मिलकर गांव में डा बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा गायब करने के साथ-साथ रविदास के निशान साहिब को भी तोड़ दिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस बारे में 32 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिनमें से 11 को काबू कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सोनी, संजू, देशराज, धर्मा, विकास, राजबीर, अमरीक, तरसेम, गुरदयाल, हंसराज और काला शामिल हैं, जोकि उपरोक्त गांव के ही रहने वाले हैं।
डा. अंबेडकर युवा विकास पिहोवा के अध्यक्ष कपिल ने बताया कि यह मामला 25 दिसंबर 2014 को हुआ, जब कुछ लोगों ने मिलकर बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और संत रविदास के निशान साहिब को तोड़ कर गायब कर दिया। इन्होंने इस स्थल पर बनाई गई चार दिवारी भी तोड़ दी थी।
तब इस मामले में पुलिस को शिकायत दी गई थी। मगर कार्रवाई न होने की सूरत में पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से भी मिले और बाद में कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को काबू किया।
मामले में गिरफ्तार किए गए सभी 11 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। यह जानकारी डीएसपी चंद्रपाल ने दी। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है और जल्द ही उन्हें भी दबोच लिया जाएगा।