सिक्स डोगरा रेजीमेंट में तैनात जवान रोहित राणा ने रविवार देर रात ड्यूटी के दौरान फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। रोहित राणा की ड्यूटी कमान अस्पताल में बतौर सिक्योरिटी गार्ड थी। वह जिला ऊना हिमाचल प्रदेश का रहने वाला था और उसकी शादी सात माह पहले मोहाली फेज-11 निवासी प्रियंका ठाकुर के साथ हुई थी। पुलिस को मृतक के पास से एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला है, जो हिंदी में लिखा है।
सुसाइड नोट में मौत के लिए संजीव राणा ने सास को दोषी करार दिया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 306 के तहत कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है। वहीं सोमवार शाम को पुलिस ने पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित जनरल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना का खुलासा पिता के लगातार फोन करने और फोन नहीं उठने पर हुआ। जब रोहित का फोन नहीं उठा तो पिता ने उसके एक दोस्त को फोन करके कहा कि वह जाकर देखे कि रोहित कहां है।
जब रोहित के कमरे पर पहुंचा तो कमरे की कुंडी लगी थी। इसके बाद उसने एक अन्य दोस्त के सहयोग से दरवाजा खोला तो रोहित को फंदे से लटका पाया। उसने घटना की सूचना पुलिस और अन्य लोगों को दी। पुलिस के अनुसार आर्मी जवान रोहित राणा ने सुसाइड नोट में लिखा है कि शादी के बाद उसकी पत्नी और ससुराल वालों ने शर्त रख दी थी कि वह अपने माता पिता से नहीं मिलेगा और उनको कोई खर्च भी नहीं देगा। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में लिखा है कि उसको ससुराल पक्ष द्वारा अक्सर धमकी दी जाती थी कि वह अपनी तनख्वाह सास को दे वरना झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा। इन सभी बातों से तंग आकर आत्महत्या कर रहा हूं।