हरियाणा के झज्जर जिले एक इंटरनेशनल स्तर के स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले एक 8 साल के बच्चे के साथ दरिदंगी का मामला सामने आया है। बच्चा फिलहाल डरा हुआ है और कुछ भी खुलकर नहीं बता पा रहा। छात्र के परिजनों की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है।
स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले एक 8 साल के बच्चे के अभिभावक पुलिस अधीक्षक से मिले और शिकायत देकर बताया कि उसके बच्चे के साथ हॉस्टल में कुकर्म किया गया है। एसपी ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए। गौरतलब है कि पहले भी छात्र के साथ इस तरह का मामला हो चुका है। शिकायत के बाद डीएसपी राहुल देव मौके पर अपनी टीम के साथ पहुंचे। एफएसएल की टीम ने स्कूल में हॉस्टल का निरीक्षण किया।
डीएसपी राहुल देव ने बताया कि पुलिस मामले में पूरी तरह से पारदर्शिता बरत रही है। बच्चे को पीजीआई रोहतक में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया है। जैसे ही सर्जन ओपिनियन आएगा उसी के तहत आगामी पुलिस कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
छात्र ने अभी तक किसी भी छात्र या व्यक्ति का नाम नहीं बताया है। घटना के बाद बच्चा बेहद डरा व सहमा हुआ है। एसपी ने बताया कि जांच महिला थाने को सौंप दी गई है। पुलिस ने इस मामलें मे पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।