अमृतधारी सिख व कांग्रेसी नेता के बाद अब अकाली नेता की पिटाई वाला वीडियो वायरल हुआ है। वहीं इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की गई है। पंजाब के जालंधर में युवा अकाली दल के वाइस प्रधान व सांसद के सलाहकार रह चुके रंजीत सिंह राणा की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इससे दोआबा की राजनीति में खासी चर्चा रही।
राणा बिक्रम सिंह मजीठिया के विधानसभा हलके में प्रचार के लिए ईदगाह गांव गए थे। वहां राणा और उनके दो साथियों को बंधक बनाकर बुरी तरह से पीटा गया। इसकी वीडियो क्लिप बनाकर वायरल कर दी है। राणा पर कांग्रेसियों ने पैसे से वोट खरीदने का आरोप लगाया है। इसके बाद पिटाई के दौरान उनकी पगड़ी उतर गई और केश भी बिखर गए। रंजीत सिंह राणा जालंधर लंबा पिंड इलाके के रहने वाले हैं। वह लंबे समय से युवा अकाली दल के सक्रिय नेता रहे हैं।
राणा मजीठिया के विधानसभा हलके में प्रचार के लिए खास तौर पर अपने साथियों के साथ गए थे। बुधवार को उनका वीडियो वायरल हो गया। इसमें कांग्रेस नेता उनको अश्लील गालियां निकाल रहे हैं और जबरन एक गाड़ी में बैठाया हुआ है। एक नेता दो-दो हजार व पांच पांच सौ के नोट दिखाकर आरोप लगा रहा है कि यह खेप राणा के पास से बरामद की गई है, जिसके जरिये वह गांव में वोटों की खरीद कर रहे थे।
शिअद नेता रंजीत सिंह राणा ने कहा कि यह सब कांग्रेसियों की ओर से साजिश रची है। वह अपने साथियों के साथ प्रचार के लिए गए थे, जहां पर कांग्रेसियों ने उलटा आरोप लगाकर उनको बंधक बना लिया। इसकी शिकायत उन्होंने चुनाव आयोग से की, जिसके बाद आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।