पटियाला में बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को ठोका
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला बस स्टैंड के पास बत्तियों वाला चौक में सोमवार सुबह एक बेकाबू ट्रक ने 9 वाहनों को बुरी तरह से ठोक दिया। हादसे में सभी वाहल क्षतिग्रस्त हो गए और चार लोग घायल हुए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए सरकारी राजिंदरा अस्पताल दाखिल कराया गया है।
घायलों में एक व्यक्ति वह भी है, जो बस स्टैंड के पास कुछ दिन पहले हुए एक सड़क हादसे में भी जख्मी हो गया था। वारदात के मौके से ट्रक चालक फरार हो गया। जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार करके उसके खिलाफ थाना अर्बन अस्टेट में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
बोरियों से भरा ट्रक पटियाला से आ रहा था
पटियाला में बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को ठोका
- फोटो : अमर उजाला
मामले के जांच अधिकारी थाना अर्बन अस्टेट के एएसआई इकबाल सिंह ने बताया कि बोरियों से भरा एक ट्रक समाना से पटियाला की तरफ आ रहा था। ट्रक जब खंडा चौक से पुल के जरिये बस स्टैंड चौंक की तरफ आ रहा था। इसी बीच ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक ने ट्रक से अपना संतुलन खो दिया।
बेकाबू ट्रक ने आगे खड़े कई वाहनों में जोरदार टक्कर मार कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। 9 वाहनों को टक्कर मारता हुआ बेकाबू ट्रक सड़क के बीच रूक गया। ट्रक की टक्कर से विभिन्न वाहनों में सवार चार लोग जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में नरपिंदर सिंह (50) निवासी जुझार नगर, भुपिंदर सिंह (27) निवासी जुझार नगर, सुरजीत सिंह (50) निवासी सेवक कालोनी पटियाला और आटो चालक अजय कुमार के नाम शामिल हैं। मुख्य सड़क पर हुए इस हादसे के कारण ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पीआरटीसी की बस ने भी ठोके के कई वाहन
पटियाला में बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को ठोका
- फोटो : अमर उजाला
सूचना मिलते ही थाना अर्बन अस्टेट पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को भी काबू कर लिया। जिसकी पहचान रजाक खान निवासी समाना के तौर पर हुई है।
गौरतलब है कि बस स्टैंड के पास चौक में अभी कुछ दिन पहले भी पीआरटीसी की एक बेकाबू बस ने छह से ज्यादा वाहनों को अपनी चपेट में लेते हुए छह लोगों को घायल कर दिया था। अभी इस हादसे की दहशत से लोग बाहर भी नहीं निकले थे कि आज फिर से सड़क हादसा हो गया।