बारिश के पानी की निकासी के लिए काउंसिल की ओर से मेन बाजार में बनाए गड्ढे में गिर कर सोमवार देर शाम एक नौजवान की मौत हो गई। काउंसिल की ओर से बारिश का पानी इस गड्ढ़े में एकत्रित कर मोटर की मदद के साथ निकाला जाता था, लेकिन इस गड्ढ़े के ईर्द गिर्द हादसों को रोकने के लिए की चारदीवारी में काउंसिल लापरवाही बरतते हुए गेट लगाना भूल गया।
इस कारण नौजवान इसको पब्लिक शौचालय समझ कर अंदर पेशाब करने के लिए चला गया। मृतक की पहचान विकास कुमार (23) निवासी लाडपुर, झज्जर हरियाणा के रूप में हुई है। उसके साथी सिविल अस्पताल में मृतक करार देने के बाद शव को पीजीआई चंडीगढ़ ले गए।
मृतक बरवाला रोड पर एक नेटवर्किंग कंपनी में नौकरी करता था। वह अपने 10-15 साथियों के साथ यहां की गुलाबगढ़ रोड पर किराए पर रह रहा था। सोमवार देर शाम करीब आठ बजे वह अपने एक दोस्त के साथ बाजार में कोई काम आया था। इस दौरान मेन बाजार के बाहर पानी की निकासी के लिए बनाए गड्ढे वाले कमरे में वह बाथरूम करने के लिए चला गया, वहां पानी की निकासी के लिए बनाया गड्ढा खुला पड़ा था।
अंदर अंधेरा होने के कारण गड्ढ़ा दिखाई नहीं दिया। उसकी चीख की आवाज सुनकर उसके साथी दोस्त ने शोर मचाया। मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंच गई, लेकिन वह लाचार नजर आई। इसके बाद उसके साथी ने कमरों में दूसरे साथियों को बुलाया जिन्होंने एक दुकान से सीढ़ी निकालकर बहुत मुश्किल के साथ गड्ढ़े में उतर कर विकास को बाहर निकाला। उसे नजदीक स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृतक करार दे दिया। गड्ढ़े में गंदगी जमा होने के कारण उसे निकालते हुए उसका एक साथी भी गैस चढ़ने के कारण बेहोश हो गया।
काउंसिल ने गहरे गड्ढे का निर्माण करवाया था
लंबे समय से मेन बाजार में पानी की निकासी की समस्या थी। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे को चार लेन करने के दौरान मेन बाजार निचला रहने के कारण यहां पानी की निकासी की समस्या बनी रहती थी। काउंसिल ने इसका हल करने के लिए यहां गहरे गड्ढ़े का निर्माण करवाया था। बारिश के दौरान यहां पानी भर जाता था, जिसको मोटरों द्वारा निकास कर हाईवे के नाले में गिरा दिया जाता था।
यहां हादसों को देखते इसके आसपास चार दीवारी की गई थी, परंतु काउंसिल ने लापरवाही बरतते हुए यहां गेट नहीं लगाया गया। इस कारण देखने में यह पब्लिक शौचालय लगता था। इसी भम्र में नौजवान इसमें गिर कर हादसे का शिकार हो गया। इस घटना से बेहद दुखी हूं। मामले की जांच करके बनती कार्रवाई की जाएगी।
- मुकेश गांधी, कार्यकारी प्रधान, नगर काउंसिल