मोहाली में नकाबपोश लुटेरे मंगलवार को दिनदहाड़े फेज-6 में सास-बहू को बंधक बनाकर 30 लाख की ज्वैलरी और नगदी लूटकर ले गए। हाथापाई में हाथ पर चाकू लगने से सास घायल हो गई। जाते वक्त लुटेर सास और बहू को कमरे में बंद कर गए और मोबाइल फोन भी ले गए।
लुटेरों की संख्या तीन बताई जाती है। उन्होंने मंकी कैप पहन रखी थी। वारदात मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे की है। उस समय घर के मालिक धर्मपाल स्कूटर की सर्विस कराने गए थे।
उनका बेटा पुनीत फेज-1 के एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए गया था। घर में पत्नी राजबाला और बहू शिखा थी। लुटेरों ने आते ही शिखा की कनपटी पर पिस्तौल तान दी।
लुटेरे से राजबाला की हुई हाथापाई
शिखा के गले से मंगलसूत्र खींच लिया। इस बीच राजबाला से उनकी हाथापाई हो गई और एक लुटेरे की पिस्तौल नीचे गिर गई। हाथपाई में राजबाला के हाथ पर चाकू लगा।
इस पर गुस्साया हमलावर शिखा को बाथरूम में खींच ले गया और जान से मारने की धमकी दी। तब राजबाला ने डर कर लॉकर की चाबियां लुटेरो को दे दीं। लॉकर में 41 तोले सोने के आभूषण, 12 हजार कैश और एक मोबाइल ले गए। जाते समय दोनों को एक कमरे में बंद कर गए।
इस दौरान शिखा और राजबाला लॉबी से घूमकर मेन दरवाजे से बाहर आईं। तब तक लुटेरे भाग चुके थे। सूचना पर डीएसपी सिटी-1 आलम विजय सिंह, सीआईए के इंचार्ज गुरविंदर सिंह व थाना फेज-1 एचएचओ पवन कुमार मौके पर पहुंचे।
लुटेरे बोल रहे थे पंजाबी, थे क्लीनशेव
शिखा ने पुलिस को बताया कि तीन लुटेरों ने मंकी कै प पहनी थी। आपस में पंजाबी में बात कर रहे थे। एक लुटेरे के चेहरे पर हल्की दाढ़ी थी बाकी दोनों क्लीनशेव थे। उनका कद पांच फुट पांच इंच से सात इंच था।
राजबाला ने बताया कि लुटेरे जब भागने वाले थे। तो उन्होंने साथियों को कहा कि स्टार्ट करो। हालांकि यह नहीं पता चल पाया कि वह किस वाहन पर आए थे।
धर्मपाल के बेटे पुनीत की शादी इसी साल जुलाई में हुई थी। इस दौरान दोनों परिवारों की तरफ से लड़की को दी गई ज्वेलरी तब से घर पर ही थी। घरवालों के मुताबिक उन्होंने ज्वेलरी रखने के लिए लॉकर भी बैंक में लिया था। लेकिन बैंक तक नहीं जा पाए।
राजबाला की कुछ महीने पहले सैर कर रही थी। तभी बाइक सवार लुटेरों ने उनकी चेन स्नैचिंग की कोशिश की थी। लेकिन राजबाला की किस्मत अच्छी थी। लुटेरे के हाथ से उनकी चैन छूट गई थी।
एसपी हेडक्वार्टर हरपाल सिंह ने बताया कि पारिवारिक मेंबरों को साथ लेकर लुटेरों के स्कैच तैयार कराए जाएंगे। जल्दी ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।