दो किशोर दोस्तों की मौत ड्रग्स के ओवरडोज से, किशोरों की फाइल फोटो।
- फोटो : amar ujala
'उड़ता पंजाब' फिल्म का काला सच एक बार फिर सामने आया जब दो किशोर दोस्तों की मौत ड्रग्स के ओवरडोज से हो गई। हादसा पंजाब के मानसा में हुआ। दरअसल रविवार देर रात के समय ईंटों के भट्ठे पर काम करने वाले दो किशोरों की मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि नौजवानों ने नशा किया था, ओवरडोज लेने से उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत होने के कारणों का खुलासा करेगी।
पुलिस के अनुसार उन्हें किसी व्यक्ति ने सूचना दी थी कि दो युवक अनाज मंडी में बेहोश पड़े हैं। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने परविंदर सिंह को मृत घोषित किया। वहीं एकम सिंह ने अस्पताल में ही दम तोड़ा। जोगा के रहने वाले परविंदर सिंह (18) और एकम सिंह (19) दोस्त थे, वह कस्बा जोगा के ईंट के भट्ठों पर काम करते थे।
सिविल अस्पताल के डॉ. राहुल कुमार का कहना है कि शवों को देखकर लग रहा है कि दोनों किशोरों की मौत नशे की ओवरडोज की वजह से हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
थाना जोगा के एएसआई गंगा राम ने शक जाहिर किया है कि उक्त नौजवानों की मौत अधिक नशा लेने से हुई है। दोनों के शवों को वारिसों के हवाले कर दिया है, जिनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है।