गैंगरेप मामले में गिरफ्तार पीड़िता के पति को भेजा न्यायिक हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। गैंगरेप मामले में पत्नी को देह व्यापार में धकेलने वाले आरोपी पति को रिमांड खत्म होने के बाद शनिवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
10 दिन पहले इस मामले का खुलासा होने के बाद जब पंचकूला पुलिस ने मामले की शिकयत दर्ज करने में आनाकानी की तो चंडीगढ़ पुलिस ने पहल करते हुए मनीमाजरा थाने में मामला दर्ज कर, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पंचकूला पुलिस ने भी आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। बुधवार को मोरनी गैंगरेप मामले में पीड़िता के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, इससे मामले में नया मोड़ आ गया। पुलिस को पहले से ही पीड़िता के पति पर शक था। सूत्रों के मुताबिक गैंगरेप मामले के मुख्य आरोपी सन्नी ने पुलिस को पूछताछ के दौरान खुलासा किया है कि पीड़िता को इस पूरे प्रकरण की जानकारी थी। उसके पति और सन्नी के बीच रुपयों के लेनदेन पर हुई बहस के बाद इस मामले की शिकायत दी गई थी। पंचकूला पुलिस ने सन्नी के बयान के आधार पर पति को गिरफ्तार किया था।