ओवरटेक करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली ने ऑटो को मारी टक्कर
- ऑटो सवार चार लोगों में से तीन घायल, एक की हुई मौत
- बरवाला-डेराबस्सी मार्ग पर एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक हुआ हादसा
- ट्रैक्टर-ट्राली को मौके पर छोड़कर चालक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला। बरवाला-डेराबस्सी मार्ग पर एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक मंगलवार रात ट्रैक्टर-ट्राली व ऑटो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। बरवाला पुलिस चौंकी से मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राली व ऑटो बरवाला से डेराबस्सी की तरफ जा रहे थे। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्राली ने एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक ओवरटेक करते हुए ऑटो को टक्कर मार दी। जिससे ऑटो में सवार चार युवक अंग्रेज सिंह वासी समाणवा जिला पंचकूला, राजू वासी बिहार, अजय कुमार वासी सैदपुरा (पंजाब) व ऑटो चालक जगदीश वासी रायवाली गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क से गुजर रहे लोगों ने इस घटना की सूचना बरवाला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सेक्टर-6, पंचकूला पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने अंग्रेज सिंह की गंभीर हालत देखते हुए उसे सेक्टर-32 अस्पताल, चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान अंग्रेज सिंह (42) ने दम तोड़ दिया। इस घटना में चालक अपने ट्रैक्टर-ट्राली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर व ऑटो चालक जगदीश की शिकायत पर मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्राली के चालक की तलाश शुरू कर दी।