अश्लील इशारे करने से रोका तो तोड़ दिया नाबालिग की मां का हाथ
- पीड़ित परिवार ने पुलिस पर उचित कार्रवाई नहीं करने का लगाया आरोप
- पुलिस ने दर्ज किया मारपीट का मामला, कार्रवाई न होने पर सीएम विंडों पर दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
नौवीं की छात्रा से दोस्ती करने के नाम पर अश्लील हरकतें करने और अभद्र इशारा करने वालों के खिलाफ जब आवाज उठाई तो आरोपियों ने लड़की के माता-पिता के साथ मारपीट की। लाठी-डंडों से की गई मारपीट में मां के हाथ में फ्रैक्चर आ गया, जबकि पिता के सिर पर भी चोटें आईं। पीड़ित परिवार ने इस मामले की शिकायत चंडीमंदिर थाना पुलिस को दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर मामले की शिकायत सीएम विंडों पर भी कर दी गई। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 7/51 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले की शिकायत छात्रा की मां मंजू ने की जबकि छात्रा ने पहले पुलिस को इस मामले की शिकायत दी थी। परिजनों ने बताया कि 28 मार्च को उनकी बेटी घग्गर में कपड़े धो रही थी। इसी दौरान पास की झुग्गी में रहने वाले युवक अमर ने अभद्र इशारा करते हुए दोस्ती के लिए दबाव बनाया। इस मामले की जानकारी मां को दी, जिन्होंने आरोपी से कहा कि अपनी मां को लेकर आओ। कुछ देर बाद आरोपी के साथ तीन-चार महिलाएं और लड़के पहुंचे। उनके हाथ में डंडे भी थे, जिससे वार करना शुरू कर दिया। मारपीट की वजह से छात्रा की मां के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि पिता के सिर से खून बहने लगा। छात्रा ने 28 मार्च की शाम करीब 6.30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर मामले की शिकायत दी। लेकिन पुलिस कर्मियों ने पहले अस्पताल पहुंचने को कहा। शिकायतकर्ता मंजू का आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की, बल्कि उनके खिलाफ मारपीट की धारा लगाकर छोड़ दिया। वकील भारत भूषण ने बताया कि इस मामले के आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
वहीं, चंडीमंदिर थाना के एसएचओ महमूद खान ने कहा कि छेड़छाड़ को लेकर ऐसी शिकायत नहीं मिली है। अगर, शिकायत मिलती है तो मामला दर्ज किया जाएगा।