और छत से ही चोरों पर बरसा दी ईंटें
- अज्ञात चोरों ने फोटोग्राफर की दुकान में चोरी की घटना को दिया अंजाम
- इनवर्टर और बैट्री ले गए चोर, दुकान में रखी प्रिंटर, कंप्यूटर व फोटो स्टेट की मशीन बची
अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला।
बरवाला-अम्बाला मार्ग पर स्थित रायवाली गांव के बस स्टॉप पर अज्ञात चोरों ने वीरवार रात को एक फोटोग्राफर की दुकान के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। दुकान के मालिक सुनील कुमार ने बताया कि उसने दुकान किराए पर लेकर उसमें फोटोग्राफी की दुकान की हुई है। वीरवार रात को जिस दौरान अज्ञात चोर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे तो पीछे की ओर बने दुकान के मालिक मनिन्द्र के घर में कुछ आहट सुनाई दी। यह सुनकर मनिन्द्र ने अपनी पत्नी को जगाया और छत पर चढ़कर दुकान की ओर झांका तो एक मारुति कार में अज्ञात चोर कुछ सामान भर रहे थे। जब मैंने पूछा कि अरे भाई सुनील आज इतनी रात को कहां फंक्शन कर के आए हो तो नीचे खड़े एक व्यक्ति ने मुझे कहा कि चुप हो जाओ, वरना गोली मार दूंगा। डर के मारे मनिन्द्र छत से नीचे आया और उसने अपनी पत्नी को बताया कि दुकान में चोर, चोरी कर रहे हैं। हमने आसपास के पड़ोसियों को जगाया और छत से चोरों के ऊपर ईंटें बरसा दी। यह देखकर अज्ञात चोर वहां से भाग खड़े हुए लेकिन चोर दुकान में लगे इनवर्टर और बैटरे को भरकर ले गए। सुनील ने बताया कि उसकी दुकान में प्रिंटर, कंप्यूटर व फोटो स्टेट की मशीन आदि बच गए। रात को ही दुकान के मालिक मनिन्द्र ने चोरी की इस घटना की जानकारी सुनील और पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।