महिला का अधजला शव मिलने से हड़कंप
बरवाला।
राष्ट्रीय राजमार्ग-73 पर स्थित गांव मट्टावाला के नजदीक एक मछली फार्म के पास से एक महिला का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला की डैड बॉडी एक दिन पुरानी है। आधे से अधिक शव जला हुआ है, जिस वजह से शिनाख्त नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि मृतका की उम्र 21-22 वर्ष के बीच है जिसकी हत्या गला घोंटकर एक-दो दिन पहले की गई है। जिसे मारने के बाद उसके शव को जलाया गया और उसकी डैड बॉडी को मट्टा वाला के पास एक मछली फार्म के नजदीक फेंक दिया गया। मछली फार्म के एक नौकर ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही एसीपी मोहित हांडा, सीन ऑफ क्राइम टीम की इंचार्ज डॉ. रिति सैनी व सीआईए की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने महिला के शव को शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल, सेक्टर-छह, पंचकूला की मोर्चरी में रखवा दिया है।