शिमला, हमीरपुर के ध्यानार्थ
ट्रक की चपेट में आ कर एक्टिवा सवार की मौत
- हादसे के बाद हमीरपुर निवासी ट्रक चालक को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर।
बुधवार को पिंजौर मल्लाह राउंड बाउट के समीप ट्रक की चपेट में आने से एक्टिवा सवार की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मनीष कुमार(43) कालका के कुराड़ी मोहल्ले का निवासी था। मनीष कुमार कालका, पिंजौर आदि में डेयरी उत्पाद सप्लाई करता था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे अमरावती एनक्लेव की ओर से स्कूटी पर सवार होकर पिंजौर की ओर आ रहा था। जब वह खाकी शाह मलंग के करीब मल्लाह मोड़ के पास पहुंचा तो पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगते ही मनीष एक्टिवा से नीचे गिर कर ट्रक की चपेट में आ गया। पुलिस की ओर से घायल मनीष को पंचकूला सेक्टर-6 के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मनीष कुछ साल पूर्व एक ट्रेन हादसे में अपनी एक टांग गंवा चुका था। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक अजय निवासी हमीरपुर हिमाचल प्रदेश को हिरासत में ले लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया है।