रजनी हत्या कांड में नया मोड़
मोनिका से रजनी की मिलने की पहले से थी प्लानिंग
- रजनी ने वैन चालक से सुबह ही कह दिया था कि सेकेंड हाफ में बच्चों को घर लेकर आना, मुझे किसी काम से बाहर जाना है
- दो मासूमों को मां के मरने की खबर तक नहीं, बच्चे आज भी दादा-दादी से पूछते हैं मां कहां है
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
रजनी हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है। मोनिका से रजनी की मिलने की पहले से प्लानिंग थी। इसका खुलासा रजनी के बच्चों ने किया है। क्योंकि सुबह बच्चों को स्कूल भेजने से पहले वैन संचालक से रजनी ने कहा था कि उसे कहीं बाहर जाना है। दोनों बच्चे (9 और 7 वर्षीय) निखिल और तन्मय को सेकेंड हाफ में घर लेकर आना। यानि रजनी को घर से 16 जनवरी को तीन से चार घंटे बाहर रहने की प्लानिंग करके बुलाया गया था। क्योंकि सुबह करीब 11.15 बजे रजनी घर से बाहर निकली है। उससे दस से पंद्रह मिनट पहले रजनी के घर की सदस्य संतोष ने भी रजनी को किसी से बात करते सुना था, कि आप लोग पहुंच गए मैं भी घर से निकल रही हूं। घर वालों की माने तो इसके बाद रजनी से घर के किसी भी सदस्य की फोन पर बात नहीं हुईं है। इसका मतलब साफ है कि रजनी को तीन से चार घंटे के भीतर मारने की प्लानिंग थी। इस केस में पंचकूला पुलिस ने मोनिका और उसके जीजा संदीप को हत्या के आरोप में रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं रजनी के पति एडवोकेट मनमोहन को भी पुलिस ने छह ने दिनों के रिमांड पर लिया है और पूछताछ कर रही है।
मां को कई बार फोन पर मोनिका आंटी से उधार के पैसे मांगते सुना है: निखिल
रजनी के बच्चों ने कई बार मोनिका से फोन पर उधार पैसों के लेन-देन की बात सुनी थी। रजनी के बड़े बेटे नौ वर्षिय निखिल ने बताया कि अक्सर वह अपनी मां रजनी को मोनिका से फोन पर उधार के पैसे मांगते सुना है। वहीं रजनी के ससुर ने बताया कि मोनिका घर पर तभी आती थी, जब घर पर वह और उनकी पत्नी नहीं होते थे। पिछले कई महीनों से दोनों एक-दूसरे को जानती थीं।
मौत की साजिश पहले रची गई थी, पार्लर बना माध्यम:
मोनिका की मौत की साजिश पहले ही रची गई थी। साजिश से जुड़े कुछ अहम खुलासे रजनी के बच्चों ने किए हैं। रजनी के बड़े बेटे निखिल ने बताया कि अक्सर मोनिका उसके घर उसकी मां से मिलने आया करती थी। कई बार तो मसाज और फैशियल करते भी उसने देखा है। यहां तक कि जब भी मार्केट या फिर पंचकूला में घूमने जाना होता था तो दोनों मोनिका की स्कूटी से जाया करते थे। निखिल ने बताया कि वह दोनों भाई और उसकी मां रजनी मोनिका के साथ अक्सर बाहर घूमने भी जाते थे, अभी हाल ही में कुछ दिन पहले माता मनसा देवी मंदिर भी साथ गए थे।
मां ने बोला था कि शाम को पनीर की सब्जी बनाएंगी:
निखिल और तन्मय को उसके दादा-दादी ने मां की मौत के बारे में अभी नहीं बताया है। दोनों बच्चे अभी अपनी मां के आने का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि रजनी ने निखिल से कहा था कि वह उसकी फेवरेट पनीर की सब्जी स्कूल से आने के बाद बनाएगी। दोनों मासूम बच्चे आज भी अपनी मां के आने का इंतजार कर रहे हैं कि शायद उनकी मां घर लौट आए। 16 जनवरी को दिन में तीन बजे के बाद से स्कूूल से आने के बाद रजनी के दोनों बच्चे अपनी मां का घर लौटने की राह देख रहे हैं।