ग्रामीणों ने पीछा कर किडनैपरों के चुंगल से बच्चे को छुड़वाया
अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला।
मंगलवार को गांव हंगोली में ग्रामीणों की मुस्तैदी के चलते एक सात वर्षीय बच्चे को अपहरण कर ले जा रहे किडनैपरों के चुंगल से छुड़ा लिया गया। लवेश पुत्र (7) राजेश शर्मा वासी केसरी (अंबाला), जो कि अपने नाना श्यामलाल वासी हंगोली जिला पंचकूला के पास रहता था। वह मंगलवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ बाहर गली में खेल रहा था। उस समय एक मोटरसाइकिल पर अज्ञात दो युवक आए और वे लवेश को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर बागवाली ठरवा की तरफ भाग गए, लेकिन उसके साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचा दिया और इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। उसी समय ग्रामीणों ने इन अज्ञात किडनैपरों का पीछा किया। ग्रामीणों को अपने पीछे आता देख किडनैपर लवेश को ठरवा गांव के नजदीक छोड़कर फरार हो गए। लवेश के नाना श्यामलाल ने इस घटना की शिकायत रायपुररानी थाने में दी। पुलिस ने श्यामलाल की शिकायत पर अज्ञात किडनैपरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।