पंचकूला। गैंगस्टर भूप्पी राणा को क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार को नाभा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। गैंगस्टर भूप्पी राणा गैंग के सदस्य विक्रांत को पिछले दिनों क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने सात पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। इसी मामले में पुलिस आरोपी भूप्पी राणा को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। रिमांड के दौरान पुलिस पता लगाएगी कि पिस्टल सप्लाई करने का असली वजह क्या थी। हथियार कहां से लाए गए और किसे सप्लाई किया जाना था। गैंगस्टर भूपी राणा इस समय बंबीहा गैंग के साथ मिलकर काम कर रहा है। पटियाला के नाभा जेल में गैंगस्टर भूप्पी राणा मर्डर, फिरौती, आर्म्स एक्ट सहित कई अन्य मामलों में काफी समय से बंद है। उस पर जेल के भीतर मारपीट करने का भी केस चल रहा है।
आरोपी विक्रांत को सात पिस्टल के साथ किया था गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार को भूप्पी राणा गैंग के सदस्य विक्रांत को गुप्त सूचना पर सात पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर सात दिन का रिमांड लिया था। रिमांड के दौरान विक्रांत ने पूछताछ में भूप्पी राणा के इशारे पर पिस्टल सप्लाई करने की बात कबूली है। इसके बाद पुलिस भूप्पी राणा को प्रोडक्शन वारंट पर पंचकूला लाई है। आरोपी के पास 10 पिस्टल आए थे। तीन पिस्टल किस-किस को सप्लाई किया है। इसके बारे में पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ करेगी।
मिट्टी में छिपाकर रखे थे पिस्टल
आरोपी विक्रांत और भूप्पी राणा से पूछताछ में यह सामने आया है कि विक्रांत को 10 पिस्टल बरवाला हाईवे के समीप मिट्टी में दबे मिले थे। वहां से उसने 10 पिस्टल में से तीन पिस्टल तीन अलग-अलग आरोपियों को बेच दिए। सूत्रों की माने तो पिस्टल मध्यप्रदेश से करीब 50 हजार रुपये में खरीदे गए थे और उसे आगे ज्यादा रेट पर बेचा जाना था।
पुलिस की कड़ी सुरक्षा में किया गया पेश
शनिवार सुबह भूप्पी राणा को पटियाला की नाभा जेल से पंचकूला लाने के लिए तीनों क्राइम ब्रांच की टीमें लगाई गई थी। जिसमें करीब 25 पुलिसकर्मियों की तैनात किया गया था। मौके पर एसीपी से लेकर इंस्पेक्टर तक शामिल किए गए थे। गैंगस्टर भूप्पी राणा की सुरक्षा में कई गाड़ियों का काफिला शामिल था।