चंडीगढ़। एशियन गेम्स में पहली बार क्रिकेट को शामिल किया गया है। 19वीं एशियन गेम्स का आयोजन चीन में 19 सितंबर से 8 अक्तूबर तक किया जाना है। इसमें हिस्सा लेने वाली भारतीय महिला सीनियर क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई। महिला चयनकर्ता कमेटी ने हरमनप्रीत कौर को कप्तान बनाया है। शहर से क्रिकेट की बारीकियां सीखने वाली तीन महिला खिलाड़ियों को भी टीम में जगह मिली है। इनमें अमनजोत कौर, काश्वी गौतम और हरलीन देयोल हैं। एशियन गेम्स में क्रिकेट टी-20 क्रिकेट फॉरमेट में भारतीय महिला टीम खेलेगी। कोच नागेश गुप्ता ने खुशी जताते हुए कहा कि एशियन गेम्स में पहली बार क्रिकेट को शामिल किया गया है और पहली ही बार तीन महिला खिलाड़ियों को भारतीय टीम में शामिल किया जाना शहर के लिए गर्व की बात है। वहीं, बेटियों के चयन पर परिवार में खुशी का माहौल है। बॉक्स
अमनजोत कौर : खालसा कॉलेज की छात्रा, वनडे और टी-20 सीरीज में ले रहीं हिस्सा
बांग्लादेश के खिलाफ आगामी वनडे और टी-20 सीरीज में अमनजोत कौर भारतीय महिला टीम में शामिल हैं। अमनजोत कौर सेक्टर-26 स्थित खालसा कॉलेज की छात्रा हैं। उन्होंने जब क्रिकेट खेलना शुरू किया तो लोग तंज करते थे कि लड़की होकर तुम क्रिकेट खेलती हो, यह तो लड़कों का खेल है। लोगों के तानों ने अमनजोत कौर को खिलाड़ी के तौर पर मजबूत बनाया। इसके बाद कोच नागेश गुप्ता ने तराश कर उन्हें ऑलराउंडर बनाया। चंडीगढ़ से वह जूनियर लेवल से सीनियर तक खेहीं। वहीं, पिछले साल उन्होंने पंजाब से खेलना शुरू किया क्योंकि पंजाब से खेलने वाली हरमनप्रीत कौर, हरलीन देयोल और तानिया भाटिया भारतीय टीम में खेलतीं थीं। मोहाली के फेज-5 में रहने वाली अमनजोत कौर एक साधारण परिवार से हैं और उनके पिता बढ़ई का काम करते हैं। मोहाली के पास बलौंगी में उनकी लकड़ी की दुकान है। बेटी को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए पिता ने कड़ा संघर्ष किया और उसी का नतीजा है कि आज अमनजोत का चयन भारतीय टीम में हुआ है।
बाॅक्स
हरलीन देयोल : टी-20 और वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ किया था डेब्यू
एमसीएम डीएवी कॉलेज की छात्रा और मोहाली की ही रहने वालीं हरलीन देयोल का भी चयन एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम में स्टैंड बॉय के तौर पर रखा गया है। हरलीन देयोल पिछले कुछ वर्ष से महिला टीम इंडिया की सदस्य हैं। हरलीन देयोल को 2019 में डोमेस्टिक क्रिकेट में किए गए बेहतर प्रदर्शन के आधार पर टीम इंडिया में जगह मिली थी। वनडे में इग्लैंड के खिलाफ मुबंई में फरवरी 2019 में उनका डेब्यू हुआ था जबकि टी-20 में उन्होंने मार्च 2019 में इग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था। अभी तक उन्होने टी-20 में 5 मैचों में चार पारियों के दौरान 46 रन बनाने के अलावा और तीन विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13 रन देकर 2 विकेट हैं।
बॉक्स
काश्वी गौतम : वूमंस इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2023 की विजेता टीम की सदस्य रहीं
सेक्टर- 26 स्थित गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज में बीए की छात्रा काश्वी गौतम को एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में स्टैंड बॉय के तौर पर शामिल किया गया है। गत दिनों हांगकांग में एशिया क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) द्वारा आयोजित किया गया वूमंस इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2023 में विजेता रही भारतीय टीम की सदस्य यूटी क्रिकेट एसोसिएशन की खिलाड़ी हैं। यूटीसीए डोमेस्टिक और बीसीसीआई के डोमेस्टिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन के अलावा काशवी ने अलूर (बेंगलुरू) में 14 मई से 8 जून तक संपन्न हुए एनसीए अंडर- 23 कैंप में फिटनेस और प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। वहीं, यूटीसीए की टीम से खेलते हुए एक पारी में 10 विकेट चटकाकर बीसीसीआई के चयनकर्ताओं की नजर में आई थीं।