माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहर की इंटरनेशनल आर्ट एंड इमेजिनेशन फोरम (आईएआईएफ) ने छपाई डॉट कॉम के साथ मिलकर कला के क्षेत्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इसके लिए इन्होंने थ्री डी वर्चुअल रूम बनाकर 25 श्रेणियों में 100 से अधिक देशों की 2800 से ज्यादा आर्ट सबमिशन कर कलाकारों को एक मंच पर लाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। विश्व के सबसे बड़े ऑनलाइन क्रिएटिविटी इवेंट ‘डब्ल्यू -लॉक’ का आयोजन 7 और 8 नवंबर को आयोजित कर इसे दर्शकों के लिए वेबसाइट पर पब्लिक किया गया।
आईएआईएफ के सदस्य राजेश बत्रा ने बताया कि कोविड के समय मे कलाकार घर में बैठकर निराश हो रहे थे। किसी भी तरह की कला प्रदर्शनी के लगने की निकट भविष्य में कोई संभावना नहीं थी। इसलिए सोचा कि विश्वभर के कलाकारों के लिए साझा डिजिटल प्लेटफार्म तैयार किया जाए जिससे इस निराशाजनक समय मे कलाकार अपनी कला को सभी के सामने पेश कर सकें। इसके लिए थ्री डी रूम बनाकर गैलरी तैयार की। इसमें भारत और विदेश के विभिन्न हिस्सों के डिजाइनरों, दृश्य कलाकारों, चित्रकारों, वीडियो- फोटो एडिटर्स, ग्राफिक डिजाइनर, एनीमेशन इत्यादि कलाकारों के कामों को प्रदर्शनी में लगाया गया है। चंडीगढ़ ललित कला अकादमी के चेयरमैन भीम मल्होत्रा ने भी राजेश और उसकी टीम की कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए उनके प्रयास की सराहना की।
कलाकारों को घर बैठे मिला आजीविका का साधन
ऑनलाइन प्रदर्शनी के माध्यम से कलाकारों को अपने काम को बेचने के लिए भी एक मंच मिल गया है। गैलरी में किसी भी फोटो पर क्लिक करने पर साइड स्क्रीन पर कलाकार की पूरी जानकारी मिल जाती है। इसके साथ ही उससे सीधा संपर्क भी हो जाता हैं। इससे आर्ट लवर सीधा कलाकार से ही उसके काम को खरीद सकते हैं।