कार्यक्रम में भंगड़े की दस और लुड्डी की सात टीमों ने हिस्सा लेकर धमाल मचाया। ये सभी प्रतिभागी पंजाब के अलग-अलग जिलों और कस्बों से आए थे। खास बात यह रही कि ढोल और लाइव सिंगिंग पर यह पारंपरिक भंगड़ा और लुड्डी की प्रस्तुति हुई। अकादमी के निर्देशक जोतदीप सिंह ने बताया कि सभी टीम को 8 से 10 मिनट का समय दिया गया। सभी ने बेहतरीन प्रस्तुति दी। जोतदीप ने बताया कि इसमें जजों ने सुर, ताल, एक्शन, रिदम, गायकी और ढोल पर जजिंग होती है। उन्होंने बताया कि भंगड़े में लड़कों की टीम तो लुड्डी में लड़कियों की टीम ने शानदार प्रस्तुति दी।
इन्होंने मारी बाजी :
इस दौरान भंगड़ा की टीम में बीआर फोक कल्चरल क्लब चंडीगढ़ और लुड्डी में फोक आर्ट लवर अकादमी चंडीगढ़ ने पहला स्थान हासिल किया है। इसके अलावा भंगड़ा प्रतियोगिता में आरएफसीआईए लुधियाना ने दूसरा और एसजीटीबी खालसा कॉलेज आनंदपुर साहिब ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार लुड्डी में चितकारा यूनिवर्सिटी राजपुरा ने दूसरा और डगा भंगड़ा अकादमी मोहाली ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
इन टीमों ने लिया हिस्सा :
भंगड़ा टीम में भैनी महराज से ढिल्लों भंगड़ा अकादमी, लुधियाना की सीओ यूनिवर्सिटी की टीम, डीएवी कॉलेज जालंधर, मोहिंद्रा कॉलेज पटियाला, एसजीटीबी खालसा कॉलेज आनंदपुर साहिब, बीआर फोक कल्चरल क्लब चंडीगढ़, फोक इंटरनेशनल डांस आर्ट क्लब लुधियाना, आरएफसीआईए लुधियाना, खालसा कॉलेज पटियाला और खालसा कॉलेज अमृतसर की टीम ने प्रस्तुति दी। वहीं, लुड्डी की टीम में मोहाली की डागा भंगड़ा अकादमी, राजपुरा की चितकारा युनिवर्सिटी, फोक पंजाब भंगड़ा अकादमी जालंधर, पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला, फोक आर्ट लवर अकादमी चंडीगढ़, फोक नाच भंगड़ा अकादमी पंजाब और भंगड़ा किंग अमृतसर की टीम ने हिस्सा लिया।
ये रही इनाम राशि :
भंगड़ा में पहला पुरस्कार पाने वाली टीम को को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान वाले को 71 हजार रुपये और तीसरे स्थान वाले को 11 हजार रुपये दिए गए। लुड्डी में पहला स्थान पाने वाली टीम को 51 हजार रुपये, दूसरे स्थान को 31 हजार रुपये और तीसरे स्थान वाले को 21 हजार रुपये प्रदान किए गए। भंगड़ा में बेस्ट डांसर को 5100 रुपये और लुड्डी में बेस्ट डांसर को 5100 रुपये दिए गए।