चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित रजिस्टरिंग व लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) ने मंगलवार को नई सीरीज सीएच01-सीआर के फैंसी नंबरों की ई-नीलामी की। इसमें 0001 नंबर के लिए सबसे बड़ी 16 लाख रुपये के लिए लगी। इसके बाद 8.07 लाख रुपये में 0007 नंबर की बोली लगी है। इस नीलामी में विभाग कुल 434 फैंसी नंबरों को बेचने में सफल रहा है, जिससे विभाग को 1.97 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इस नीलामी में पुरानी सीरीज के नंबरों को भी रखा गया था, जिसमें सीएच01सीक्यू, सीएच01सीपी, सीएच01-सीएन, सीएच01-सीएम, सीएच01-सीएल, सीएच01-सीके, सीएच01-सीजे, सीएच01-सीजी, सीएच01-सीएफ, सीएच01-सीई, सीएच01-सीडी, सीएच01-सीसी, सीएच01-सीबी, सीएच01-सीए, सीएच01-बीजेड, सीएच01-बीवाई, सीएच01-बीएक्स, सीएच01 बीडब्ल्यू, सीएच01-बीवी, सीएच01-बीटी, सीएच01-बीएस और सीएच01-ए सीरीज के नंबर भी शामिल किए गए थे, जिनमें से भी विभाग कुछ नंबरों की नीलामी करने में सफल रहा है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि फैंसी नंबरों की नई सीरीज के लिए उन्हें अच्छा रिस्पांस मिला है और अब जो नंबर रह गए हैं, उन्हें वह दोबारा नीलामी में रखेंगे।
पिछली बार 21.22 लाख रुपये में बिका था 0001
सीएच01-सीक्यू के फैंसी नंबरों की ई-नीलामी में 0001 नंबर 21.22 लाख रुपये में बिका था। इसके बाद 11 लाख रुपये में 0009 नंबर की बोली लगी थी। इस नीलामी में विभाग कुल 462 फैंसी नंबरों को बेचने में सफल रहा, जिससे विभाग को 2.57 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इससे पहले सीएच01-सीपी सीरीज में सबसे अधिक 25.43 लाख में 0008 नंबर बिका था, जबकि 0005 नंबर 25.05 लाख रुपये में नीलाम हुआ था।