हरियाणा में करनाल स्थित राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान(एनडीआरआई) में संदिग्ध हालातों में एक सप्ताह में करीब 75 पशुओं की मौत हो गई। प्रतिदिन करीब 10 पशुओं की मौत हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि पशुओं को खराब फीड दिया जा रहा है।
मामले की जांच के लिए बरेली से इंडियन वेटरनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों की टीम आई हुई है। संक्रमण रोकने के लिए कैटल यार्ड के गेट पर चूना फैला दिया गया है। संस्थान ने किसी बाहरी व्यक्ति के कैटल यार्ड के बाहर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। उधर, इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर एनिमल प्रोटेक्शन ने मामले में एनडीआरआई के वैज्ञानिकों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में ऑनलाइन शिकायत दी है।
एनडीआरआई के प्रवक्ता डॉ. राजन शर्मा ने बताया कि कुछ पशुओं की मौत हुई है। मौत होने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल इससे ज्यादा कुछ नहीं बताया जा सकता। उधर, सिविल लाइन थाना के प्रभारी संजीव गौर का कहना है कि मैंने शिकायत नहीं देखी है। शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।