अभिनेत्री मल्लिका शेरावत द्वारा फिल्म डर्टी पॉलिटिक्स में तिरंगा छपी ड्रेस पहनकर राष्ट्रीय ध्वज और गाड़ी पर अशोक चक्र लगाने के मामले में सोमवार को सीजेएम अनुभव शर्मा की अदालत में सिविल याचिका दायर की गई।
याचिका में अभिनेत्री मल्लिका शेरावत, फिल्म निर्माता-निर्देशक केसी बोकाड़िया सेंसर बोर्ड, चंडीगढ़ प्रशासन और एसएसपी चंडीगढ़ को पार्टी बनाया गया है।
सेक्टर-22 निवासी सानिया मट्टू ने याचिका में फिल्म की रिलीज और पोस्टर पर रोक लगाने की मांग की है। अदालत ने 12 जून को नोटिस का जवाब मांगा है।
सेक्टर-22 निवासी समाजसेविका सोनिया मट्टू ने दायर याचिका में कहा कि जोधपुर की भंवरी देवी हत्याकांड पर बनाई गई ‘डर्टी पॉलिटिक्स’ फिल्म में मल्लिका शेरावत ने तिरंगे वाली ड्रेस पहनी है।
इसके अलाव पोस्टर में मल्लिका जिस गाड़ी पर बैठीं हैं, उसके आगे अशोक चक्र लगा है। यह राष्ट्रीय धवन और अशोक चक्र का अपमान है।
उन्होंने याचिका में प्रशासन और चंडीगढ़ पुलिस के एसएसपी से मांग की है कि इस फिल्म को चंडीगढ़ में रिलीज न होने दिया जाए।
इसके अलावा फिल्म का कहीं पर भी पोस्टर नहीं लगवाया जाए। अगर पोस्टर लगाया जाता है तो एसएसपी पर मामला दर्ज करवाया जाए।
गौरतलब है कि 30 मई को भी मोहाली के एक वकील ने जिला अदालत में फिल्म पर रोक लगाने और अपराधिक मामला दर्ज करने के लिए याचिका दायर की थी।