एनएमसी ने पंजाब सरकार को जांच करने को कहा
आयोग ने तीन हफ्ते में सरकार से मांगी जांच रिपोर्ट
70 लाख की कोठी 2.70 करोड़ में खरीदने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनएमसी) ने एसजीपीसी में भ्रष्टाचार के एक मामले में पंजाब सरकार को जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने राज्य सरकार से 3 हफ्ते में जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा है, अन्यथा आयोग अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा।
एसजीपीसी की ओर से तख्त श्री केसगढ़ साहिब के इलाके में एक कोठी खरीदने में हुए कथित रूप से भ्रष्टाचार को लेकर एसजीपीसी के ही कई सदस्यों ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग से शिकायत की है। एसजीपीसी की आंतरिक समिति के सदस्य भाई मलकीत सिंह के नेतृत्व में सिख बुद्धिजीवियों, विचारकों के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के चेयरमैन लालपुरा से मिलकर सौंपी शिकायत में कहा है कि आनंदपुर साहिब एसजीपीसी के सदस्य इस संस्था के संसाधनों का निजी फायदे के लिए दुरुपयोग कर रहे हैं। शिकायत में कहा है कि एसजीपीसी के कई सदस्य और पदाधिकारी बड़े पैमाने पर धांधली और घोटालों में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि तख्त श्री केसगढ़ साहिब में 70 लाख रुपये की कोठी 2.70 करोड़ रुपये में खरीदकर गुरु की गोलक को चपत लगाई थी। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के चेयरमैन को सौंपी शिकायत में भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
दूसरी ओर, एसजीपीसी ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की ओर से राज्य सरकार को जांच के निर्देश देने पर कड़ा एतराज जताया है। एसजीपीसी के महासचिव गुरबचन सिंह ने कहा है कि अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन के पास कोई शक्ति नहीं है कि वह एसजीपीसी की जांच करवा सकें।