चंडीगढ़। सेक्टर-26 में मंडी शिफ्ट होने से पहले रविवार को निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान निगम ने अवैध रूप से लगाई 15 रेहड़ियों को जब्त कर लिया। साथ ही हिदायत दी कि मंडी शिफ्ट होने के बाद कब्जा न हो। वहीं देर शाम रेहड़ी वालों ने फिर से वहां कब्जा कर लिया। इसके साथ ही आढ़ती रविवार देर शाम सामान लेकर मंडी में पहुंचना शुरू हो गए।
एसडीएम सेंट्रल नाजुक कुमार व निगम के ज्वाइंट कमिश्नर सौरभ अरोड़ा के निर्देश पर रविवार को अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। ज्ञात हो कि प्रशासन ने बैठक में 14 सितंबर से मंडी सेक्टर-26 में शिफ्ट करने का फैसला लिया था। इस दौरान मंडी में टूट-फूट व अन्य निर्माण कार्य को भी जल्द करने के लिए कहा था।