चंडीगढ़। नगर निगम ने टैरेस गार्डन की चार दुकानों को किराए पर देने के लिए वीरवार को बोली लगवाई। इन दुकानों से निगम को हर साल लगभग ढाई लाख रुपये का किराया मिलेगा। वहीं, एक दुकान से 17 हजार की लाइसेंस फीस भी मिलेगी। एडिशनल कमिश्नर एसके जैन ने बताया कि टैरेस गार्डन की दुकानों के लिए आरक्षित किराया 3500 रुपये रखा गया था। इसमें से 3 दुकानें 4 हजार जबकि एक दुकान 5 हजार रुपये मासिक किराए पर उठ गई है। डिपॉजिट मनी के रूप में दुकानदारों से 10 हजार 500 रुपये जमा कराए गए हैं। सभी दुकानें 10×10 साइज की हैं। इन्हें पांच साल के लिए किराए पर दिया गया है। इस दौरान कमेटी की सदस्य पार्षद रविंदर कौर गुजराल, राजेश गुप्ता, एक्सईएन धर्मेंद्र शर्मा, मॉनिटरिंग सेल की प्रभारी अंशु चांदना मौजूद रहीं।
शांतिकुंज की दुकानों का नहीं हो सका ऑक्शन
शांतिकुंज के ईटिंग ज्वाइंट सेंटर के लिए केवल एक ही आवेदक आया। इसका रिजर्व मूल्य 30 हजार रखा गया था। आवेदक ने कहा कि 32 हजार में ही वह दुकान ले सकता है। चीफ अकाउंट ऑफिसर ने कहा कि 33 हजार से कम में दुकान नहीं दी जा सकती है। बिडर जब 32 हजार से ज्यादा रुपये देने को तैयार नहीं हुआ तो एडिशनल कमिश्नर ने ऑक्शन फिर से कराने को कहा।