सेक्टर-26 स्थित बापूधाम कालोनी निवासी जिस कोरोना संदिग्ध मरीज की जीएमएसएच-16 में शुक्रवार को मौत हुई थी, उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। बुखार की शिकायत पर मरीज को एंबुलेंस से शुक्रवार को सेक्टर-16 स्थित जीएमएसएच में ले जाया गया था, जहां पहुंचते ही संदिग्ध परिस्थितियों में मरीज की मौत हो गई। इसके बाद कोरोना की जांच के लिए नमूना लेकर शव को मोर्चरी में रख दिया गया।
रिपोर्ट आने के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। मरीज की मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया जा रहा है। 35 वर्षीय युवक को शुक्रवार दोपहर जीएमएसएच-16 अस्पताल में दोपहर करीब 2 बजे तेज बुखार के कारण कोरोना का संदिग्ध मानते हुए इलाज के लिए लाया गया था।
एंबुलेंस से बाहर निकलते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करने से पहले उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। बता दें कि शहर में अब तक कोरोना के तीन पॉजिटव मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमें से एक सेक्टर-18, एक हल्लोमाजरा और एक बापूधाम का मरीज शामिल है।