नकोदर रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज करवाने पहुंची एक लड़की अस्पताल से फरार हो गई। युवती इटली से आई थी और उसे खांसी-जुकाम की शिकायत बताई गई थी। जांच के बाद जब डॉक्टर ढींगरा ने उसे एक बार कोरोना का टेस्ट करवाने की बात कही तो वह लड़की टेस्ट करवाने का कहकर अस्पताल से चली गई।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी। सूचना पर एसीपी मॉडल टाउन धर्मपाल, थाना-6 प्रभारी सुरजीत सिंह गिल पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच गए।
एसीपी धर्मपाल ने अस्पताल प्रशासन व डॉक्टर से बात करके उक्त युवती के बारे में जानकारी हासिल की। एसीपी ने कहा कि उनको पता चला है कि अस्पताल में एक युवती आई थी जो इटली से लौटी थी। खांसी का इलाज करवाने अस्पताल में अपने पति के साथ आई महिला को जब डॉक्टर ने सिविल अस्पताल में जांच व टेस्ट करवाने के लिए कहा तो वह अस्पताल से चली गई।
सूचना मिलते ही पुलिस व सिविल अस्पताल से टीम भी मौके पर पहुंच गई थी लेकिन युवती वहां से जा चुकी थी। पुलिस ने मौके पर आकर अस्पताल से लड़की की जानकारी हासिल करके उक्त जानकारी को कपूरथला के सिविल अस्पताल भेज दिया है।
कपूरथला पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि उक्त युवती सुल्तानपुर लोधी की रहने वाली है। सुलतानपुर लोधी पुलिस के एसएचओ सरबजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ युवती के घर पर पहुंचे और उसे आइसोलेशन वार्ड में पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लड़की की जांच कर रही है। सिविल सर्जन जालंधर गुरमीत कौर का कहना है कि सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल को हिदायतें दी गई हैं कि वह लड़की की अच्छी तरह से जांच करके रिपोर्ट तैयार करें। डॉक्टरों की टीम युवती की जांच कर रही है।