गुवाहाटी से जम्मू जा रही लोहित एक्सप्रेस के हाउस कीपिंग डिपार्टमेंट में कार्यरत क्लीनर को खांसी, जुकाम, बुखार व सांस लेने में दिक्कत आने पर पठानकोट कैंट स्टेशन पर उतार दिया गया। टीटी ने 108 नंबर पर कॉल कर युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल पहुंचते ही शहर में अफवाह फैल गई कि कोरोना का पॉजीटिव मरीज पहुंचा है। इससे अस्पताल में सनसनी फैल गई।
एसएमओ डा.भूपिंद्र सिंह का कहना है कि स्क्रीनिंग के दौरान युवक में कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए। गुवाहाटी से आते हुए युवक की कुछ तबीयत खराब हुई थी और उसे कमजोरी लग रही थी। फिलहाल सेहत विभाग ने टेस्ट कर युवक को बचाव के लिए जानकारी व दवा दी है। उक्त युवक असम के जिला अंबासा का रहने वाला है।
कोरोना पॉजीटिव सुनते ही बेहोश हुई महिला
सिविल अस्पताल में अचानक अफवाह फैली कि एक कोरोना पॉजीटिव मरीज पहुंचा है। किसी ने एसएमओ ऑफिस में जाकर बोल दिया। एसएमओ ओपीडी में बैठे थे। 30 वर्षीय महिला जनरल चेकअप के लिए आई थी। कोरोना मरीज की बात सुनकर महिला अचेत हो गई। एसएमओ और स्टाफ ने होश आने पर महिला को समझाया कि यह मात्र अफवाह थी।