कोरोना वायरस के खतरे को भांपते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने कड़ा निर्णय लिया है। हाईकोर्ट आने वाले हर शख्स की स्क्रीनिंग करने के आदेश जारी किए हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए शुक्रवार को जस्टिस राजीव शर्मा ने स्क्रीनिंग करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आदेश जारी किए हैं।
आदेश के अनुरूप चंडीगढ़ के स्वास्थ्य विभाग की पांच टीमें थर्मल व हैंड स्क्रीनिंग डिवाइस के साथ पांचों गेट पर तैनात रहेंगी। जांच टीम हाईकोर्ट परिसर में आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति देंगी।
जांच टीम यदि किसी को बुखार या खांसी होगी तो उसका बीते दिनों का रिकार्ड खंगालेंगी कि वह पिछले दिनों में वह कहां-कहां गया और उसे कितने दिन से बुखार है, उसको नोट करेंगी। अगर टीम को लगता है कि शख्स में कोरोना वायरस का लक्षण है तो उसे अस्पताल या उसके चौदह दिन के आराम की व्यवस्था उसकी स्थिति के अनुरूप करेगी।
छुट्टी पर भी विचार कर रहा हाईकोर्ट
हाईकोर्ट कोरोना वायरस के चलते छुट्टी करने पर भी विचार कर रहा है। हाईकोर्ट में कोर्ट स्टाफ, वकीलों व बाहर से आने वालों को मिला कर कई हजार लोग एकत्रित होते हैं। ऐसे में हाईकोर्ट में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए हाईकोर्ट में अवकाश घोषित करने की मांग भी की जा रही है।