हरियाणा में कोरोना के संक्रमण ने पांच और मरीजों को अपना शिकार बना लिया है, जबकि 495 नए मरीज भी सामने आए हैं। साथ ही 647 मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं। यमुनानगर में एक, भिवानी में एक, झज्जर में दो व फतेहाबाद में एक मरीज की संक्रमण से मौत हो गई है।
183 मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है जिन्हें ऑक्सीजन व वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। हरियाणा में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 259226 हो गई है, जिसमें 251149 मरीज ठीक हो गए हैं। 5230 मरीज अभी भी वायरस से ग्रस्त हैं। संक्रमण से रिकवरी रेट बढ़कर 96.88 प्रतिशत पहुंच गया है। संक्रमण की दर घटकर 6.02 प्रतिशत हो गई है।
प्रदेश में स्वास्थ्य महकमे ने एहतियातन 272631 मरीजों को मेडिकल सर्विलांस में रखा है। 6867 संदिग्ध मरीजों की सैंपल रिपोर्ट का इंतजार है। उधर, कोरोना के नए रूप को लेकर स्वास्थ्य महकमा नए सिरे से तैयारी करेगा। स्वास्थ्य महकमे ने इस संदर्भ में गाइडलाइन भी जारी कर दी है।
पंजाब में संक्रमण से मौतों का सिलसिला जारी
पंजाब में कोरोना से मौतों के आंकड़ों में कोई गिरावट नहीं आ रही है। बुधवार को राज्य में कोरोना से 14 लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही सूबे में वायरस से मरने वालों की संख्या 5243 पहुंच गई है। इसके अलावा 488 नए मामले भी सामने आए हैं। राज्य में अब तक 164145 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक पंजाब में संदिग्ध मामलों की संख्या 3736616 पहुंच गई है। इनमें पॉजिटिव मरीजों की संख्या 164145 दर्ज की गई है। 153964 लोग ठीक हो चुके हैं। सांस लेने में परेशानी होने पर 110 संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा है। आठ लोगों की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
संक्रमण से मौतों के मामले में लुधियाना पहले स्थान पर है। यहां अब तक सबसे ज्यादा 953 लोग संक्रमण से मौत का शिकार हो चुके हैं। जालंधर में 625 और पटियाला में 469 लोग संक्रमण से दम तोड़ चुके हैं। बुधवार को अमृतसर में तीन, होशियारपुर में तीन, जालंधर में एक, लुधियाना में एक, एसएएस नगर में तीन, पठानकोट में एक, पटियाला में दो मरीजों की मौत हो गई।