चंडीगढ़। शहर में कोरोना के मरीजों की संख्या एक बार फिर बढ़ने लगी है। वीरवार को भी शहर के अलग-अलग इलाकों से कोरोना के 96 मरीज मिले। बता दें कि बीते बुधवार को 94 नए मरीज सामने आए थे। हालांकि राहत की बात यह है कि बीते 24 घंटे में कोरोना से एक भी मौत की पुष्टि नहीं की हुई है। लेकिन 90 से ज्यादा नए मामले सामने आने के कारण स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंता फिर से बढ़ गई है। संक्रमण से बचाव और एहतियात के लिए अस्पतालों के साथ ही अन्य स्थानों पर कोरोना से बचाव के मानकों के पालन को लेकर लोगों को सचेत किया जाने लगा है। पॉजिटिव मिले 96 मरीजों में पुरुषों की संख्या 61 और महिलाओं की संख्या 35 है। उधर, वीरवार को स्वस्थ होने पर 60 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। 96 नए मरीजों के मिलने के साथ शहर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 14794 हो गई है जबकि अब तक 229 मरीजों की मौत हो चुकी है।