अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जमीन अधिग्रहण से जुड़े मामलों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। चौटाला ने कहा कि सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में रोहतक के एक प्रॉपर्टी डीलर के विरुद्ध हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने फैसले सुनाए थे, इसलिए सरकार को रोहतक में हुए इस विवादित जमीन सौदे की उच्च स्तरीय जांच करवानी चाहिए। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान विकास कार्य केवल रोहतक तक ही सीमित रहते थे जबकि गठबंधन सरकार ने बिना भेदभाव के काम किए हैं। भाजपा-जजपा सरकार ने पूर्व कांग्रेस सरकार की तरह ''मिनिमम स्पोर्ट टू पीपल'' की सोच नहीं रखी, बल्कि गठबंधन सरकार ने दिल बड़ा करके ''मैक्सिमम स्पोर्ट टू पीपल'' के तहत काम किया है। कांग्रेस के वॉकआउट पर डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस अपनी बात रखकर सदन का समय बर्बाद करती है और मौका आने पर कांग्रेसी सदन छोड़कर चले जाते है इसलिए सदन को कांग्रेस के खिलाफ रेजोल्यूशन लाना चाहिए।