31 मार्च पर टूटे शराब के ठेके, शराब की बोतल लेने के लिए कई देर तक लाइनों में रहे लोग खड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। लोगों की भीड़ बाजार में त्योहारों पर देखने को मिलती है, लेकिन शुक्रवार को 31 मार्च पर शराब के ठेके टूटने पर लालपरी के शौकीनों की जबर्दस्त भीड़ लग गई। सेक्टर- 9 स्थित शराब के ठेके पर सस्ती शराब के चक्कर में लोग दूर दूर से खरीदारी करने के लिए पहुंचे। लोगों की भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि लोगों को लाइनों में लगकर शराब खरीदनी पड़ी। सेक्टर-9 स्थित शराब के ठेके पर कम दाम में शराब मिल रही थी। लोगों की भीड़ के कारण सड़क पर गाड़ियों का लंबा जाम लग गया और पार्किंग फुुल हो गई। भीड़ ज्यादा होने के कारण दुकानदार भी ग्राहकों से ठीक से बात नहीं कर पा रहे थे। वहीं कई लोगों को निराश लौटना पड़ा। शाम होते ही आधे से ज्यादा स्टॉक खत्म हो गया था।
गौर हो कि 31 मार्च को ठेकों का टेंडर बदलता है इसी कारण शराब ठेकेदार अपना स्टॉक खत्म करने के लिए कम दाम में शराब बेचते हैं। ठेके के बाहर सुबह से ही लोगों की लाइन लग गई। लोगों को एक-एक कर दुकान के अंदर जाने दिया गया। लोग पांच से दस मिनट तक लाइनों में खड़े रहे उसके बाद उनका नंबर आया। वहीं कैश काउंटर पर पहले बिल कटवाने के लिए भी लोग एक दूसरे से धक्कामुक्की कर रहे थे।
दो दिन से लगी है भीड़
शराब के ठेके पर पिछले दो दिनों से भीड़ लगी है। इसी करके ठेके के बाहर लिस्ट लगाई हुई है जिसमें हर एक बोतल के दाम लिखे हुए है। लोगों ने सस्ती शराब लेने के चक्कर में शराब की कई पेटियां खरीदीं। शराब की बोतलों के दाम आधे हो गए थे। इसलिए लोग सस्ते के चक्कर में इकट्ठी बोतलें खरीदकर ले गए।