मनीमाजरा। मनीमाजरा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। चोरों ने चंडीगढ़ पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल की बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर ली। शिकायत मिलने के बाद मनीमाजरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता जसबीर सिंह चंडीगढ़ पुलिस में कांस्टेबल हैं। उनकी ड्यूटी सेक्टर-45 पुलिस चौकी में है। उन्होंने शुक्रवार रात बुलेट मोटरसाइकिल मनीमाजरा के सुभाष नगर स्थित घर के बाहर खड़ी की थी। शनिवार तड़के उनकी ड्यूटी सुखना लेक पर आयोजित एयर शो में लगी थी। सुबह जब वह ड्यूटी पर जाने के लिए बाहर आए तो बुलेट गायब मिली। आसपास काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच में दो संदिग्ध युवक बाइक को गांव किशनगढ़ की ओर ले जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।