चंडीगढ़। सेक्टर-61 पुलिस चौकी में तैनात एक कांस्टेबल के बेटे की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को चौकी सील कर दी गई। साथ ही चौकी इंचार्ज मिनी भारद्वाज समेत वहां तैनात करीब 80 फीसदी पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन कर दिया गया है। अब चौकी में होने वाली पब्लिक डीलिंग की कार्रवाई सेक्टर-36 थाने में की जाएगी। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-61 चौकी में तैनात कांस्टेबल सेक्टर-42 स्थित पुलिस लाइन में परिवार समेत रहते हैं। बीती सोमवार शाम कांस्टेबल के बेटे की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। बताया गया कि कांस्टेबल की चौकी में तैनाती की वजह से आला अधिकारियों ने मंगलवार को सेक्टर-61 चौकी को सील करने का फैसला किया। वहीं कांस्टेबल के संपर्क में आने वाले पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन कर दिया गया है। इनमें चौकी इंचार्ज मिनी भारद्वाज भी शामिल हैं। अब सेक्टर-61 चौकी के अंतर्गत आने वाले एरिया में घटित केसों को सेक्टर-36 थाने में अगले आदेशों तक डील किया गया जाएगा। बता दें कि बीते सोमवार को सेक्टर-9 स्थित शिक्षा विभाग में कोरोना पॉजिटिव मिलने से पुलिस हेडक्वार्टर को आमजन के लिए बंद कर दिया गया था, जिसे सैनिटाइज के बाद बुधवार को खोल दिया जाएगा।