प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सूट की नीलामी पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेसियों ने भी अनोखी नीलामी करवाई। जालंधर के डीसी कांप्लेक्स के समक्ष कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गरीब के सूट की नीलामी लगाई गई। बोली में लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और गरीब को सूट 61 हजार रुपये में बिका।
इस नीलामी का आयोजन पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एससी डिपार्टमेंट द्वारा आयोजित किया गया। कांग्रेसियों ने जालंधर में एक गरीब हिंदोस्तानी के सूट की बोली लगाई। आखिर में सूट की बोली कांग्रेस के राकेश कमल कन्नौजिया ने लगाई।
कमेटी के चेयरमैन डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सूट लेने के लिए करोड़ों रुपये की बोलियां लगाई जा रही हैं, लेकिन गरीब का सूट खरीदने के लिए कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है।
मोदी की छवि को ऊंचा उठाने के लिए उनके सूट की नीलामी करोड़ों रुपये में करवाने के दाव-पेंच खेले जा रहे हैं। केंद्र सरकार देश में फैले भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध को रोकने की अपेक्षा मोदी के सूट की नीलामी करवाने में लगी है।